Location: Meral
मेराल
सुशासन सप्ताह के तहत प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत मेराल प्रखंड की गेरुआ, करकोमा एवं हासनदाग पंचायत भवन में शिविर का आयोजन किया गया। हासनदाग पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया फुलमंती देवी ने की। शिविर में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन का भरोसा दिया गया।
शिविर के दौरान 12 लाभुकों को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई। इसके अलावा आधार कार्ड सुधार से संबंधित पांच मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं आंगनबाड़ी सेविकाओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में आ रही समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।
शिविर में 15वें वित्त आयोग से संबंधित योजनाओं के पर्यवेक्षक सह कनिय अभियंता सुजीत कुमार के अनुपस्थित रहने पर लोगों में नाराजगी देखी गई। इस संबंध में बीडीओ यशवंत नायक ने बताया कि सुशासन सप्ताह जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग नहीं लेना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने भीषण ठंड के बावजूद गरीबों के बीच कंबल वितरण नहीं होने पर चिंता जताई। इस पर मुखिया फुलमंती देवी ने कहा कि सरकार की ओर से अब तक कंबल वितरण के लिए कोई राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने बताया कि राशि के अभाव में 15वें वित्त मद की कई योजनाएं अधूरी पड़ी हुई हैं। मध्य विद्यालय रेजो में 2 लाख 25 हजार रुपये की लागत से निर्मित जलमीनार का भुगतान अब तक नहीं हो पाया है। वहीं सपहेरीया धाम के पास 1 लाख 5 हजार रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य भी आंशिक भुगतान के कारण अधूरा है, जिसमें 40 हजार रुपये का ही भुगतान किया गया है।
ग्रामीण संतोष चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा बार-बार ग्राम सभा और जनता दरबार आयोजित कर योजनाओं के लिए आवेदन तो लिए जाते हैं, लेकिन राशि के अभाव में अबुआ आवास, 15वां वित्त आयोग एवं मनरेगा से संबंधित अधिकांश योजनाएं अधूरी पड़ी हैं। वहीं ग्रामीण महिलाएं सुनिता कुमारी, चिंता कुमारी, साधना देवी एवं प्रभा देवी ने कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत मईयां सम्मान योजना एवं अबुआ आवास के आवेदन तो लिए गए, लेकिन पोर्टल नहीं खुलने के कारण अब तक लाभ नहीं मिल पाया है। वे लगातार पंचायत और प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगा रही हैं।
शिविर में जनवितरण दुकानदार रामलखन बैठा, तीर्थराज चौबे, पंचायत सहायक विवेकानंद चौबे, किसान मित्र रामाशंकर चौबे, आंगनबाड़ी सेविकाएं सोनी देवी, अनामिका देवी एवं अंबारानी ने भी अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि हरेंद्र चौधरी, वार्ड सदस्य राजू पासवान, सुनील बैठा, विनोद यादव, सुरेंद्र चौधरी, अरुण चौबे, संतोष चौधरी, उपेंद्र यादव, सुनील राम, रंजीत चौबे, विनोद चौधरी, आर्केस चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।











