Location: Manjhiaon
मझिआंव: बरडीहा पुलिस ने गढ़वा न्यायालय के आदेश पर जीका गांव निवासी अवधेश रजवार के पुत्र रमेश रजवार (31) को मंगलवार की रात गिरफ्तार कर बुधवार को गढ़वा जेल भेज दिया। सोमवार को उसके घर पर ढोल बजाकर इश्तिहार चस्पा किया गया था।
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि बरडीहा थाना कांड संख्या 6/25 के तहत आरोपी रमेश ने 19 जनवरी 2025 को सलगा गांव स्थित अपने ससुराल में अपनी सास पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना को लेकर पीड़िता ने अपने दामाद पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था।
घटना के बाद से रमेश 11 माह से फरार चल रहा था। न्यायालय में निर्धारित समय पर आत्मसमर्पण न करने पर उसके घर की कुर्की–जप्ती की कार्रवाई के लिए इश्तिहार चिपकाया गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया और बुधवार को जेल भेज दिया।











