Location: Garhwa
आस्था और विश्वास का गलत फायदा उठाने वाले अपराधी अब साधु के वेश में भी लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला गढ़वा शहर के निकट रामधारी कॉलेज के समीप स्थित छतरपुर गांव में शुक्रवार को सामने आया है, जहां साधु के वेश में आए अपराधियों ने ठगी और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता रीना देवी, पति सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन से चार साधु वेशधारी उनके घर पहुंचे और पानी मांगा। पानी पीने के बाद उन्होंने महिला को परेशानियों से मुक्ति दिलाने का झांसा देते हुए 500 रुपये की मांग की। रीना देवी द्वारा केवल 50 रुपये देने की बात कहने पर वे नाराज होकर वहां से चले गए।
बताया गया कि शाम के समय, जब रीना देवी सब्जी बेचने बाजार चली गईं और घर में उनकी किशोरी बेटी अकेली थी, उसी दौरान वे लोग दोबारा घर पहुंचे। जब किशोरी ने रुपये देने में असमर्थता जताई तो अपराधियों ने उसके चेहरे के पास कपड़े से कोई संदिग्ध पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
इसके बाद अपराधियों ने घर में रखे बक्से का ताला तोड़कर नगदी और कीमती गहने समेट लिए और मौके से फरार हो गए। देर शाम जब रीना देवी घर लौटीं तो घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत गढ़वा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शनिवार शाम छापेमारी कर चार से पांच संदिग्ध साधु वेशधारी लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
यह घटना लोगों के लिए चेतावनी है कि अजनबियों पर आंख मूंदकर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है, चाहे वे किसी भी वेश में क्यों न हों। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में ऐसे मामलों से सतर्क रहने, घर में बच्चों या बुजुर्गों को अकेला न छोड़ने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।











