Location: Shree banshidhar nagar
साइबर ठगी से बचाव के लिए आम जनता की सतर्कता सबसे जरूरी – थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। क्षेत्र में लगातार सामने आ रही साइबर ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देशानुसार थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने पुलिस बल के साथ भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एवं बैंक ऑफ इंडिया शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और वहां मौजूद खाताधारकों को साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां की जानकारी दी। थाना प्रभारी ने दोनों बैंकों के शाखा प्रबंधकों से सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की और किसी भी संदिग्ध गतिविधि, दलालों या ठगों की मौजूदगी की सूचना तत्काल पुलिस को सूचना देने का निर्देश दिया। ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैंक ग्राहकों को जागरूक करते हुए थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि रुपये निकासी के दौरान किसी अनजान व्यक्ति से फॉर्म न भरवाएं,क्योंकि इससे आपकी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी गलत हाथों में जा सकती है। जिसका गलत कामों में दुरुपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नकदी निकासी के बाद पैसे को सुरक्षित तरीके से रखकर ही बैंक परिसर से बाहर निकलें और बैंक से बाहर किसी भी अजनबी व्यक्ति की गाड़ी में न बैठें, चाहे वह कितना ही मददगार क्यों न लगे। उन्होंने कहा कि कई मामलों में इसी तरह लोगों को निशाना बनाकर ठगी और लूट की घटनाओं को अंजाम दिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि कई बार खाता खोलते समय खाताधारक किसी अन्य व्यक्ति के साथ आते है, जो बाद में एटीएम कार्ड या अन्य दस्तावेज का दुरुपयोग कर लेता है, जिससे खाताधारक को गंभीर परेशानी झेलनी पड़ती है। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर उपेंद्र कुमार ने ग्राहकों से अपील की कि मोबाइल फोन पर आने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और यदि कोई व्यक्ति खुद को बैंक अधिकारी बताकर कॉल करें तो उसे ओटीपी, पिन,एटीएम नंबर या अन्य गोपनीय जानकारी कतई न दें। किसी तरह के साइबर ठगी होने पर 1930 पर कॉल करें या National Cyber Crime Reporting Portal
https://www.cybercrime.gov.in पर अपना शिकायत तुरंत दर्ज कराएं।
थाना प्रभारी ने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे मजबूत उपाय है पुलिस प्रशासन आम जनता की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है और आगे भी इस तरह के जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।











