सगमा (गढ़वा):
प्रखण्ड क्षेत्र के सगमा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना में सर्प दंश से डेढ़ वर्षीय दुधमुंही बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी राजू पाल अपने परिवार के साथ झोपड़ी नुमा घर में रह रहे थे। घटना के वक्त वह घर में ही थे और उनकी पत्नी ने बच्ची को बिस्तर पर सुला रखा था। अचानक बच्ची की चीख सुनकर जब वह पास पहुंचे तो देखा कि बिस्तर पर एक करैत सांप है। उन्हें तुरंत समझ में आ गया कि बच्ची को सांप ने काट लिया है।
परिजनों ने सांप को मारने के बाद शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग जुटे। इसके बाद झाड़-फूंक के लिए राजू पाल बच्ची को लेकर दूसरे गांव पहुंचे, लेकिन बच्ची की हालत बिगड़ती देख उसे गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा है। वहीं, मां की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि राजू पाल वर्षों से टूटी-फूटी झोपड़ी में करकट डाल कर रह रहा था और कई बार आवास योजना के लिए मुखिया से लेकर प्रखंड कार्यालय तक गुहार लगा चुका है, लेकिन उसे अब तक कोई सहायता नहीं मिली। ग्रामीणों के अनुसार जर्जर घर में सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का बसेरा हो गया था, जो इस हादसे की वजह बना।











