Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): झारखंड स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर मंगलवार को सगमा प्रखंड सभागार में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीओ सतीश भगत ने की। इस दौरान मनरेगा योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रखंड कर्मियों, लाभुकों और बागवानी सखियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
झारखंड स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रखंड के सभी पंचायतों में प्रभात फेरी और विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसके बाद प्रखंड सभागार में आयोजित समारोह में बीडीओ सतीश भगत ने मनरेगा योजना में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों व लाभुकों को सम्मानित किया।
मुख्य रूप से सम्मानित होने वालों में कटहर कला पंचायत की मुखिया कलावती देवी, घघरी पंचायत की मुखिया सरोज देवी, रोजगार सेवक प्रभाष कुमार पांडेय और आर्फिन जलाल शामिल रहे। बागवानी सखी के रूप में मीना देवी (घघरी) और रिंकू देवी (कटहर कला) को प्रशस्ति पत्र दिया गया।
बागवानी लाभुकों में बिनोद मिश्रा, बीरबल मोदाशीर अंसारी, बीरबल उदय सिंह (घघरी) और राजेश बैठा (कटहर कला) को सम्मानित किया गया। वहीं मनरेगा योजना के तहत सौ दिन का कार्य पूर्ण करने वाले अशोक चौधरी और विक्रम प्रजापति को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में कुल पांच बागवानी सखियों और ग्यारह बागवानी लाभुकों को सम्मान मिला। साथ ही छह मजदूरों को नया जॉब कार्ड भी उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर बीपीओ कुमार अभय, लेखापाल आदित्य कुमार, रोजगार सेवक चंद्रशेखर चौबे और दामोदर कुमार, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, प्रखंड एवं अंचल कर्मी उपस्थित रहे।











