Location: Garhwa
गढ़वा। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई में जिले भर से आए फरियादियों की विभिन्न समस्याएं सुनी गईं और उनके शीघ्र समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन एवं बकाया मजदूरी भुगतान जैसे मुद्दों को लेकर लोगों ने अपनी बात रखी।
कार्यक्रम की शुरुआत कंचनपुर (प्रखंड रंका) के विवेक कुमार ठाकुर की शिकायत से हुई, जिन्होंने अपने पिता स्व. गोपाल ठाकुर (अनुसेवक, बाल विकास परियोजना रंका) के निधन के बाद अब तक बकाया भुगतान व अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिलने की बात कही। उपायुक्त ने इस पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बुका (भवनाथपुर) के रामचंद्र राउत ने सरकारी चापानल पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिससे गांव में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने चापानल को कब्जे से मुक्त कराने की मांग की।
पलामू के पांडू निवासी उपेंद्र कुमार राम ने मिरल थाना (गढ़वा) क्षेत्र के तीन व्यक्तियों – मुकेश राम, झापसी कुंवर व रजमणिया देवी – पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों ने वर्ष 2023 में जमीन बेचने के नाम पर ₹3.5 लाख लिए, पर रजिस्ट्री नहीं की। उन्होंने इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई एवं धनवापसी की मांग की है।
अनुसूचित जनजाति बालिका छात्रावास, गढ़वा की छात्राओं ने हॉस्टल की वार्डेन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। छात्राओं ने कहा कि वार्डेन अपनी ड्यूटी न कर अपने पति को ड्यूटी पर भेजती हैं और दोनों का व्यवहार छात्राओं के प्रति असम्मानजनक और पक्षपातपूर्ण है। छात्राओं ने वार्डेन को हटाने और नई नियुक्ति की मांग की।
जनसुनवाई के दौरान अन्य ग्रामीणों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त श्री यादव ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने बताया कि आम जनता की समस्याओं के शीघ्र निवारण हेतु हर मंगलवार और शुक्रवार को जिला एवं प्रखंड स्तर पर नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाती है, जिसमें नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं।











