Location: सगमा
सगमा (गढ़वा)। प्रखंड के बीरबल गांव स्थित किसान केंद्र के पास शुक्रवार को यूरिया खाद से लदी एक पिकअप पकड़ी गई। ग्रामीणों का आरोप था कि केंद्र संचालक किसानों को खाद उपलब्ध नहीं करा रहे थे, जबकि उसी समय ट्रक में यूरिया की लोडिंग की जा रही थी।
ग्रामीणों ने जब इस बाबत किसान केंद्र संचालक से सवाल किया तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद देखते ही देखते मौके पर किसानों की भीड़ जुट गई। कुछ ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा और प्रमुख अजय साह को दी।
सूचना मिलते ही दोनों जनप्रतिनिधि किसान केंद्र पहुंचे और पूरी जानकारी लेने की कोशिश की। उचित जवाब न मिलने पर उन्होंने प्रखंड कृषि पदाधिकारी से संपर्क साधा और वास्तविकता की पुष्टि की। इसके बाद मुखिया और प्रमुख ने मौके पर मौजूद किसानों के बीच यूरिया खाद का वितरण उचित मूल्य पर कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रतिनिधियों की तत्परता से कालाबाजारी रुक गई और जरूरतमंद किसानों को खाद मिल सका।











