Location: सगमा/मेराल
सगमा, गढ़वा:
सगमा प्रखंड के बीरबल गांव निवासी ऋषि राज ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के पद पर योगदान दिया है।
ऋषि राज की इस सफलता को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। उनके चयन के बाद पूरे प्रखंड में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। बताया जाता है कि बीरबल गांव झारखंड राज्य के अंतिम छोर पर स्थित एक अति पिछड़ा क्षेत्र है, जहां से किसी युवक का राज्यस्तरीय सेवा में चयन होना गर्व की बात है।
इस अवसर पर बीरबल पंचायत के मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा ऋषि राज के घर पहुंचे और उनके माता सबिता देवी एवं पिता रामोद प्रसाद को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बीरबल पंचायत के लाल ने राज्य के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के रूप में योगदान देकर पूरे पंचायत का नाम रोशन किया है।
मुखिया ने कहा कि ऋषि राज ने यह साबित कर दिया है कि अगर मन में कुछ करने का दृढ़ संकल्प हो तो गरीबी और संसाधनों की कमी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती। उन्होंने अपनी ओर से और समस्त पंचायतवासियों की ओर से ऋषि राज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











