Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर (गढ़वा)। दो दिवसीय राजकीय श्री बंशीधर महोत्सव के पहले दिन बुधवार की रात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी व अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने माहौल बदल दिया। महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक था, लेकिन प्रस्तुत किए गए फूहड़ गीतों ने इसकी मर्यादा पर सवाल खड़े कर दिए।
कार्यक्रम में आर्यन महाकाल ग्रुप, विपिन मिश्रा एंड ग्रुप, न्यू झारखंड कला संगीत सृजन केंद्र, नटराज कला केंद्र, भोजपुरी सिंगर अनुपमा यादव, इंडियन आइडल सीजन 3 फाइनलिस्ट पूजा चटर्जी और सीजन 10 के विजेता सलमान अली ने प्रस्तुति दी।
हालांकि, महोत्सव में अनुपमा यादव के “नाच रे पतरकी नगीन जइसन”, “उड़न बाज रजउ धोखेबाज रजउ”, “कमरिया करे लपालप”, “लॉलीपॉप लागेलू” और सलमान अली के “ओ लड़की आंख मारे” जैसे गीतों ने माहौल को अराजक बना दिया। दर्शक इन गानों पर झूमते रहे, कुछ लोगों ने तो कुर्सियां तोड़कर डांस करना शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को नियंत्रित किया।
लोगों का कहना है कि 2017, 2018 और 2023 में आयोजित महोत्सवों में ऐसा नजारा देखने को नहीं मिला था। इस बार धार्मिक आयोजन के नाम पर फूहड़ता परोसी गई, जिससे कार्यक्रम की गरिमा प्रभावित हुई।











