Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। किसान मांग दिवस के अवसर पर संयुक्त मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और गढ़वा जिले के उपायुक्त के नाम संबोधित 16 सूत्री मांगपत्र अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा।
इससे पूर्व कार्यकर्ता भवनाथपुर मोड़ से जुलूस की शक्ल में रवाना हुए और नारे लगाते हुए अनुमंडल कार्यालय परिसर पहुंचे। जुलूस में शामिल कार्यकर्ता “किसानों को खाद उपलब्ध कराओ”, “एमएसपी की गारंटी दो”, “त्रुटिपूर्ण हाल सर्वे खतियान रद्द करो”, “रजिस्टर-टू से लगान की वसूली करो” जैसे नारे लगा रहे थे।
एसडीओ को सौंपे गए मांगपत्र में प्रमुख मांगें शामिल थीं—खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाना, बभनी खांड़ डैम का टूटा फाटक बदलना, सभी आहर-पोखरों का गहरीकरण, वनाधिकार कानून के तहत वनपट्टा वितरण, तुलसी दामर डोलोमाइट खदान को चालू कराना, गैरमजरूआ भूमि की बंद पड़ी रसीद काटना, जोतदारों को भूमि अधिकार दिलाना, विभागों और स्कूलों में रिक्त पदों की बहाली, अनुमंडल मुख्यालय में बस पड़ाव का निर्माण, ट्रॉमा सेंटर और आईटीआई भवन महदेइया को चालू कराना, जाति जनगणना कराना और उसमें सरना कोड शामिल करना, आदिवासियों को खतियानी रैयती भूमि पर अधिकार दिलाना, वृद्ध-विधवा-आश्रितों को प्रतिमाह तीन हजार रुपये पेंशन देना तथा सहारा इंडिया बैंक के जमाकर्ताओं को राशि वापस कराना।
जुलूस में भाकपा जिला सचिव रामेश्वर प्रसाद अकेला, नौरंगी पाल, किसान सभा के देवीदयाल मेहता, श्रीराम, गणेश सिंह, राजेंद्र उरांव, राजकुमार भुइंया, रामनाथ उरांव, गोपाल यादव, विद्या पासवान, शिवनाथ मुसहर, कोरिल मुसहर समेत बड़ी संख्या में भाकपा, किसान सभा, दलित अधिकार मंच, महिला फेडरेशन और खेतमज़दूर यूनियन के कार्यकर्ता शामिल थे।











