Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर। थाना क्षेत्र के हैंहो ग्राम निवासी संतोष प्रसाद के 27 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार की रविवार को करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार चंदन किसी के घर बिजली का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि चंदन मेहनती और मिलनसार स्वभाव के युवक थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।











