Location: Meral
मेराल (गढ़वा): झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार को मेराल प्रखंड के हासनदाग एवं मेराल पूर्वी पंचायत में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के समापन के बाद पंचायत भवन परिसर में मनरेगा से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मनरेगा कर्मी, पंचायत सखी, मनरेगा मजदूरों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष ग्राम सभा, विशेष रोजगार दिवस मनाया गया तथा मनरेगा भागीदारी पर समुदाय शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के बाद संबंधित पंचायतों के आंकड़े गूगल शीट डेटा के रूप में प्रखंड कार्यालय में जमा करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
इस कार्यक्रम में झारखंड स्टेट मनरेगा के सीनियर अकाउंटेंट भानु कुमार शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने हासनदाग और मेराल पूर्वी पंचायत भवन में ग्रामीणों से मनरेगा योजनाओं से जुड़ी समस्याओं और लाभ के बारे में जानकारी ली।
भानु शर्मा ने बताया कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा चार दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन मनरेगा से संबंधित विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया है, जिसके माध्यम से योजनाओं की समीक्षा और नई योजनाओं का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा की कमियों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि इस कार्यक्रम के तहत वे प्रखंड के सभी पंचायतों में जाकर निरीक्षण करेंगे। यह आयोजन पूरे राज्य में एक साथ किया जा रहा है।
इस अवसर पर गढ़वा जिला परियोजना पदाधिकारी दीपक कुमार, बीपीओ आदम अली, शशि भूषण मेहता, एई कुश केसरी, जेई फिरोज अंसारी, मुखिया रामसागर महतो, मुखिया प्रतिनिधि हरेंद्र चौधरी, पंचायत सचिव राजेंद्र राम, राधा कुमारी, रोजगार सेवक रघुवर राम, निभा तिवारी, वार्ड सदस्य सुनील बैठा, राजू पासवान, मेठ नंदनी देवी, ऊषा कुमारी, सोनी देवी, आशुतोष चौबे, गुलबाश अंसारी, कौसर अंसारी, संतोष चौधरी, विनोद चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, तेतरी देवी, राजेंद्र चौधरी, अभिनव चौबे, आदर्श चौबे और आशीष चंद्रवंशी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।












