Location: Garhwa
शीतलहर एवं बढ़ती ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। राज्य में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त/गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालयों में दिनांक 06 जनवरी 2026 से 08 जनवरी 2026 तक प्री-नर्सरी/नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की सभी कक्षाएं बंद रहेंगी।
इसी क्रम में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखण्ड सरकार के निदेश के आलोक में उपायुक्त गढ़वा दिनेश यादव ने गढ़वा जिले के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों को तीन दिनों के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में शीतलहर और ठंड का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे छात्रों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय बंद रहने की अवधि के दौरान सरकारी विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। उन्हें अपनी उपस्थिति दर्ज करते हुए गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा जारी आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि उक्त अवधि के दौरान किसी विद्यालय में प्री-बोर्ड परीक्षा निर्धारित है, तो परीक्षा संचालन को लेकर सक्षम प्राधिकार अपने विवेकानुसार निर्णय ले सकते हैं।
राज्य सरकार के इस फैसले से अभिभावकों और छात्रों ने राहत की सांस ली है।











