Location: Garhwa
गढ़वा। मेराल प्रखंड के तिसरटेटूका पंचायत के ग्रामीणों ने हाथियों के आतंक से तंग आकर मुआवजा और सुरक्षा की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी की पहल पर ग्रामीणों को उनके प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी के नेतृत्व में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार के पास भेजा गया।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि विगत तीन-चार वर्षों से पंचायत के बहेरवा, बानाजांघ, कोलोदोहर, गेरूआसोती, टेटूका कला, टेटूका खूर्द, पेंदली, जमुआ समेत कई गांवों में हाथियों ने तबाही मचाई है। हाथियों ने बहेरवा गांव के रमेश परहिया को कुचलकर मार डाला है। कई कच्चे मकान तोड़े गए हैं और फसल बर्बाद हुई है।
विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि विधायक ने वन विभाग के अधिकारियों से बात कर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा भुगतान और हाथियों से निजात दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में पंचायत की मुखिया मनीषा देवी, लाला भुईया, विक्रम कुमार, सुखदेव भुईया, शंभू यादव, राजेश्वर राम, सीमा देवी, समुद्री देवी, फुलमतिया देवी, नेजाम अंसारी, मोहन भुईया, सुनीता देवी, बिगु साह, सुरेन्द्र राम, वीरेन्द्र भुईया सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।












