Location: Bhavnathpur
गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना में पदस्थापित एएसआई दिनेश कुमार सिंह को रात्रि गश्ती में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने निलंबित कर दिया है। वहीं इस मामले में सिपाही सोनू कुमार गुप्ता, पंकज कुमार पासवान और चालक घनश्याम तिवारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व एएसआई दिनेश कुमार सिंह रात्रि गश्ती के लिए सिपाही सोनू कुमार गुप्ता, पंकज कुमार पासवान तथा चालक घनश्याम तिवारी के साथ निकले थे। लेकिन गश्ती पूरी होने से पहले ही सभी थाना लौट गए। इसी दौरान श्री बंशीधर नगर के एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह भवनाथपुर क्षेत्र में भ्रमण पर निकले थे। गश्ती दल को क्षेत्र में सक्रिय नहीं पाए जाने पर उन्होंने इसकी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेजी।
एसडीपीओ की रिपोर्ट के आलोक में एसपी ने मामले को गंभीर मानते हुए एएसआई दिनेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही गश्ती में शामिल रहे दोनों सिपाहियों और चालक से इस लापरवाही को लेकर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
पुलिस विभाग की ओर से यह कार्रवाई रात्रि गश्ती को लेकर सख्ती और जवाबदेही का संकेत मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











