Location: पलामू

मेदिनीनगर।शहर के साहित्य समाज चौक स्थित राजकीयकृत ब्राह्मण प्लस टू उच्च विद्यालय में मंगलवार को अभिभावक शह शिक्षक गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया।गोष्ठी का शुभारंभ डीडीसी जावेद हुसैन, जिला शिक्षा अधिकारी सौरभ प्रकाश, जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार एवं एडीपीओ अंबुजा पांडेय आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने शॉल एवं बुके भेंट कर उन्हे सम्मानित किया गया।गोष्ठी में विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी जावेद हुसैन ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला है। विद्यालय केवल शैक्षणिक ज्ञान देने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का केंद्र है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता के लिए शिक्षक और अभिभावक के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
डीडीसी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और समय पर साफ-सुथरे स्कूल ड्रेस में उपस्थित कराएं। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि पठन-पाठन या विद्यालय व्यवस्था से संबंधित किसी प्रकार की समस्या या कमी हो तो अभिभावक निसंकोच शिक्षकों एवं प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि उसे समय रहते दूर किया जा सके।गोष्ठी के दौरान शिक्षकों ने भी अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने और घर पर पढ़ाई का अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने का आग्रह किया। वहीं अभिभावकों ने कहा कि इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर क्षेत्र के कई छात्र आज बड़े-बड़े जगहों पर कार्यरत हैं, जो विद्यालय की सशक्त शैक्षणिक परंपरा का प्रमाण है।फिलहाल कुछ विधालय में कमी है जिसे अभी सुधार की जरूरत है।कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य अमृता सिंह के अलावा अभिषेक तिवारी, प्रेमहंस गुप्ता, संतोष कुमार, पंकज कुमार, सतीश कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित थे।











