Location: Ramana
गम्हरिया, संवाददाता।
राजकीय मध्य विद्यालय गम्हरिया में हॉकी के जादूगर और भारतरत्न मेजर ध्यानचंद की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा प्रभात फेरी एवं विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
सुबह छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान बच्चों ने नारे लगाकर खेलों के महत्व और मेजर ध्यानचंद के योगदान से लोगों को अवगत कराया। ग्रामीणों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय प्रांगण में लौटने के बाद कबड्डी, दौड़, लंबी कूद, रस्साकशी सहित कई खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया। विजेताओं को सम्मानित कर भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक विष्णु देव मांझी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद न केवल भारत के, बल्कि पूरी दुनिया के खेल जगत की महान विभूति रहे हैं। उन्होंने तीन ओलंपिक खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाकर देश का मान बढ़ाया। आज उनकी जयंती पर हमें उनसे प्रेरणा लेकर खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
शिक्षकों ने भी बच्चों को संदेश दिया कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद से शरीर स्वस्थ और मन प्रसन्न रहता है। खेल से अनुशासन, एकता और टीम भावना का विकास होता है।
इस अवसर पर रामचंद्र सिंह, फुलेंद्र सिंह, पवन सिंह, अजीत कुमार, हरिहर प्रसाद यादव, अनिल कुमार, मुकेश कुमार, अनवर अली, संजय राम सहित सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











