Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों में खरीदारी का उत्साह चरम पर है। इसी को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शहर में भीड़ बढ़ जाती है और अक्सर देखा गया है कि लोग वाहन बीच सड़क पर खड़ा कर खरीदारी में जुट जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने कहा कि सभी लोग बाजार में खरीदारी के दौरान अपने वाहन सड़क के किनारे उचित ढंग से पार्क करें। दो, तीन या चार पहिया वाहन अगर सड़क पर अव्यवस्थित रूप से खड़े पाए गए तो चालान या अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की है कि पुलिस प्रशासन के सहयोगी बनें और ट्रैफिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाले कार्यों से बचें, ताकि रक्षाबंधन का पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बाजार क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जा रही है और ट्रैफिक व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य है कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।











