Location: Ranka
गढ़वा, — गढ़वा जिले के रंका–रमकंडा मुख्य सड़क पर रंका थाना से लगभग दो सौ मीटर दूरी पर स्थित एक तीखे मोड़ के पास रविवार की सुबह गिट्टी लदे एक हाईवा ट्रक ने पुलिस एवं आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे दो युवकों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित हाईवा मोड़ पर पलट गया और दोनों युवक गिट्टी के नीचे दब गए।
मृतकों की पहचान रंका थाना क्षेत्र के मानपुर गांव, टेढ़ी महुआ टोला निवासी सुरेंद्र राम के 22 वर्षीय पुत्र राजू कुमार रवि और नंदू राम के 21 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार रवि के रूप में हुई है। दोनों सुबह दौड़ का अभ्यास कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही रंका पुलिस और स्थानीय ग्रामीण पहुंचे। जेसीबी की मदद से गिट्टी हटाकर दोनों के क्षत-विक्षत शवों को बरामद कर थाना लाया गया।
रंका में तनावपूर्ण स्थिति के बीच ग्रामीणों ने हादसे के विरोध में रंका–रमकंडा सड़क को जाम कर दिया है।
घटनास्थल पर अनुमंडल पदाधिकारी रुद्र प्रताप, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह, पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम और थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने दोनों युवकों की मौत की पुष्टि की है।
![]()












