Location: सगमा
सगमा (गढ़वा)। भारतीय जनता पार्टी सगमा मंडल ने प्रखंड क्षेत्र में हो रही यूरिया खाद की कालाबाजारी के लिए कृषि विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सगमा प्रखंड में किसानों और विक्रेताओं के बीच यूरिया खाद को लेकर मारामारी की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 266 रुपये प्रति बोरी की खाद किसानों को 800 रुपये तक में खरीदनी पड़ रही है। इसके बावजूद कृषि विभाग सीमित आवंटन कर कालाबाजारी को बढ़ावा दे रहा है। यदि विभाग किसानों की चिंता करता तो यूरिया खाद का आवंटन बढ़ाकर किल्लत को समाप्त करता, लेकिन इसके उलट खाद विक्रेताओं को खुली छूट दी जा रही है।
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि यूरिया खाद की किल्लत से जिला प्रशासन भी सवालों के घेरे में है। प्रशासन केवल छापामारी अभियान चला कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ना चाह रहा है, जबकि जरूरत है कि कृषि विभाग को पर्याप्त आवंटन करने का आदेश दिया जाए, ताकि किसानों को उचित मूल्य पर खाद मिल सके।
उन्होंने कहा कि हालात को देखकर साफ प्रतीत होता है कि यूरिया खाद की कालाबाजारी में कृषि विभाग की मिलीभगत है।











