Location: Garhwa
गढ़वा। सवर्ण एकता मंच गढ़वा के बैनर तले बुधवार को जिला मुख्यालय में यूजीसी के प्रस्तावित कानून के विरोध में आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने टाउन हॉल मैदान से जुलूस निकाला और समाहरणालय पहुंचकर यूजीसी के कानून के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान सवर्ण समाज के लोगों ने यूजीसी के प्रस्तावित कानून को काला कानून बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार एवं यूजीसी के खिलाफ नारे लगा रहे थे। समाहरणालय पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया।
इसके बाद सवर्ण एकता मंच के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से सरकार को संबोधित मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में यूजीसी के प्रस्तावित कानून को वापस लेने की मांग की गई। मंच के नेताओं ने कहा कि इस कानून के लागू होने से सवर्ण समाज के विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसा कोई प्रावधान स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों के साथ भेदभाव की स्थिति उत्पन्न हो।
मंच के नेताओं ने कहा कि यूजीसी का प्रस्तावित कानून सवर्ण समाज के हितों के खिलाफ है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को इस मामले में गंभीरता से विचार करते हुए प्रस्तावित कानून को हर हाल में वापस लेना चाहिए। नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांग पर सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए कहा कि समाज के बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मंच आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग मौजूद रहे।











