Location: गढ़वा जिला
टेंपो-कार की टक्कर में चालक की मौत, चार वर्षीय बेटी के सिर से उठा पिता का साया
मझिआंव। मझिआंव-गढ़वा मुख्य पथ पर बकोईया स्कूल के समीप टेंपो और कार की टक्कर में गंभीर रूप से घायल टेंपो चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत परता गांव निवासी नागेंद्र मिश्रा के पुत्र प्रदीप कुमार मिश्रा (35) के रूप में हुई है।
बताया गया कि हादसे में प्रदीप कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल मझिआंव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार 108 एंबुलेंस से गढ़वा पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
रेफरल अस्पताल में इलाज कर रहे चिकित्सकों के अनुसार घायल चालक ने काफी शराब पी रखी थी। मौत के बाद बड़े भाई संतोष मिश्रा समेत अन्य परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए पैतृक गांव हैदरनगर के परता ले गए।
प्रदीप कुमार मिश्रा टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी शादी दलको गांव निवासी रामजी पाठक के परिवार में हुई थी। उनके पीछे पत्नी और चार वर्ष की एक मासूम बेटी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार में मातम पसरा है।
मारपीट के फरार आरोपी के घर ढोल-नगाड़े के साथ चिपकाया इश्तहार
मेराल। मेराल थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त मकबूल अंसारी के घर मंगलवार को ढोल-नगाड़े बजाकर इश्तहार चिपकाया। इस दौरान ग्रामीणों की मौजूदगी रही।
एएसआई अखिलेश्वर तिवारी ने बताया कि लोवादाग गांव निवासी मकबूल अंसारी, पिता कुतुबुद्दीन अंसारी, मेराल थाना कांड संख्या 271/2025 का अभियुक्त है। उस पर घूरा यादव, पिता भीखू यादव के साथ मारपीट करने का आरोप है। घटना के बाद से वह लंबे समय से फरार चल रहा है।
न्यायालय के आदेश के आलोक में पुलिस ने मंगलवार को उसके घर पर ढोल-नगाड़े बजाकर इश्तहार चिपकाया। पुलिस ने घर के सदस्यों को अभियुक्त को सशरीर न्यायालय में हाजिर कराने का निर्देश दिया।
नगर ऊंटारी में जुआ अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 10.50 लाख रुपये नकद समेत आठ गिरफ्तार
श्री बंशीधर नगर। गढ़वा पुलिस ने नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के ठरका गांव स्थित सुरंगही बांध के पास संचालित जुआ अड्डे पर छापेमारी कर आठ जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 10 लाख 50 हजार रुपये नकद, चार बोलेरो, एक अर्टिगा, चार बाइक, आठ मोबाइल फोन, एक बैग, दरी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
इसकी जानकारी एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि एसपी को सोमवार को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के अहिपुरवा गांव निवासी प्रदीप डोम और उसके अन्य साथी धोखाधड़ी कर अधिक लाभ कमाने का प्रलोभन देकर दूसरे राज्यों के लोगों को बुलाकर जुआ खेलवा रहे हैं।
सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय यशोधरा के नेतृत्व में क्यूआरटी का गठन किया गया। क्यूआरटी और नगर ऊंटारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सुरंगही बांध के पास छापेमारी की। इस दौरान जुआ खेल रहे आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के बेलोजी गांव निवासी सुंदर साह, ब्रह्मपान गांव निवासी पुष्पेंद्र वैश्य, नावानगर थाना क्षेत्र के दसौती गांव निवासी प्रदीप कुमार विश्वकर्मा, माड़ा थाना क्षेत्र के बहेरी कला गांव निवासी बाबूजी शाह, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के डाला गांव निवासी अखिलेश उपाध्याय, हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र के पहरा गांव निवासी रामनरेश सिंह एवं चंडौत गांव निवासी दिलीप कुमार तथा छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र के त्रिपेश्वरपुर गांव निवासी शंभेर खां शामिल हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ नगर ऊंटारी थाना में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रेसवार्ता में पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, पुअनि जितेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
महंगाई और खान-खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय
श्री बंशीधर नगर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की भैंसवेढ़वा शाखा की बैठक मंगलवार को सरयू भुइयां की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा के जिला सचिव रामेश्वर प्रसाद अकेला ने केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई के कारण आम जनता परेशान है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को खान-खनिज संशोधन विधेयक के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी इस विधेयक के खिलाफ मजबूती से संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर पार्टी की ओर से आयोजित होने वाले आंदोलनों में शाखा के सभी सदस्य भाग लें और अपने हक-अधिकार की आवाज बुलंद करें।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने बताया कि केंद्र सरकार से मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन पिछले छह माह से नहीं मिली है। इसके कारण वृद्ध और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में राज्य परिषद सदस्य विनोद ठाकुर, अंचल सचिव गोपाल यादव, अशर्फी राम, विनोद सिंह खरवार, सुखाड़ी भुइयां, विनय सिंह खरवार, शिवकुमार सिंह, रामजी भुइयां, लिलावती कुंवर, कौशल्या देवी, तेतरी देवी, कमला देवी, पतवा देवी, बसमतिया कुंवर, कबूतरी देवी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।










