Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर।
यक्ष्मा मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को प्रखंड के कुम्बा खुर्द पंचायत सचिवालय में पंचायत टीबी फोरम की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया विवेक कुमार ने की।
बैठक में उपस्थित चिकित्सा सहायक लव कुमार ने राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व में टीबी मरीजों को सरकार द्वारा 500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाती थी, जिसे अब बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने अपील की कि इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए ताकि जरूरतमंद लाभान्वित हो सकें।
लव कुमार ने बताया कि अभियान के तहत संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी और लक्षण मिलने पर तुरंत इलाज शुरू किया जाएगा। इसके लिए जागरूकता सबसे अहम है। उन्होंने सभी से मिलकर यक्ष्मा मुक्त भारत बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया।
बैठक में सीएचओ प्रियंकर प्रियम, एसटीएस सुनील कुमार, एमपीडब्ल्यू देव कुमार, एएनएम अनिता कुमारी, पूनम कुमारी, सहिया साथी गीतांजली देवी, सहिया मालती देवी, सुमन टोप्पो सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।











