भवनाथपुर
गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनसानी गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां महज 15 वर्ष की किशोरी ने मोबाइल को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सिकंदर पासवान की पुत्री पूनम कुमारी के रूप में हुई है।
परिवारवालों के अनुसार, गुरुवार की दोपहर पूनम का अपने छोटे भाई से मोबाइल के उपयोग को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान उसकी मां ने भी उसे डांट दिया। नाराज होकर पूनम घर के भीतर चली गई और दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी।
परिजनों ने तुरंत उसे भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही भवनाथपुर थाना के एसआई परवेज आलम एवं जगत बंधु महतो मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव में पसरा मातम, परिजन बेहाल
पूनम की असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घर में मातम पसरा हुआ है, माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरी संवेदना जताई है और कहा कि आज की युवा पीढ़ी भावनात्मक रूप से इतनी असहज होती जा रही है कि मामूली विवाद भी उन्हें यह खौफनाक कदम उठाने को मजबूर कर देता है।
समाज को सोचने की जरूरत
इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर हम अपने बच्चों को कितनी भावनात्मक सुरक्षा और संवाद का वातावरण दे पा रहे हैं। मोबाइल फोन आज सिर्फ एक उपकरण नहीं, बल्कि कई घरों में तनाव और टकराव का कारण बनता जा रहा है।











