Location: Meral
गढ़वा (मेराल) – थाना क्षेत्र के अरंगी गांव में शुक्रवार शाम एक मिस्त्री से हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी विष्णु कांत ने जानकारी देते हुए बताया कि गोंदा गांव निवासी आनंद कुमार, पिता रविंद्र ठाकुर को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
घटना के अनुसार, चिरौंजिया गांव निवासी मिथिलेश कुमार चंद्रवंशी, जो ओखरगाड़ा गांव से मिस्त्री का काम कर लौट रहे थे, उसी दौरान बिकताम पहाड़ के पास तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 5-6 लोगों ने उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश की।
मिथिलेश ने जब भागने की कोशिश की तो रेलवे क्रॉसिंग पार करने के बाद अरंगी गांव में उन्हें पकड़ लिया गया। वहां उनके साथ मारपीट की गई और ₹5000 लूट लिए गए, जो उनकी एक सप्ताह की मजदूरी थी।
घटना के दौरान मिथिलेश ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के गांववाले मौके पर पहुंचे और एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए।
घटना की सूचना पाकर मेराल पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को थाना लाकर पूछताछ की।
पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर मेराल थाना कांड संख्या 209/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आनंद कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।











