Location: Meral
मेराल (गढ़वा):
झारखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर बुधवार को मेराल प्रखंड के सभी पंचायतों में अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सीओ सह प्रभारी बीडीओ यशवंत नायक के मार्गदर्शन में किया गया।
राज्य के 25वें स्थापना दिवस पर ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा राज्यभर में चार दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दूसरे दिन मेराल प्रखंड के 20 पंचायत भवनों में सुबह संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इसके बाद अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को स्वीकृति पत्र एवं आवास पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
प्रमाण पत्र वितरण का कार्य संबंधित पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायकों की उपस्थिति में किया गया। पूर्ण आवास का गृह प्रवेश भी लाभुकों, मुखिया एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर संपन्न किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखा गया तथा सभी ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर राज्य के विकास और समृद्धि का संकल्प लिया।











