Location: Meral
मेराल। प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए पोषण ट्रैकर एफआरएस एंट्री पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। रांची से आए प्रशिक्षक विश्वजीत कुमार ने प्रोजेक्टर के माध्यम से एफआरएस एंट्री की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने कहा कि पोषण ट्रैकर में शत-प्रतिशत एफआरएस करना अनिवार्य है और इसके लिए सेविकाओं को निरंतर प्रयास कर सफलता सुनिश्चित करनी होगी।
प्रशिक्षण के दौरान बाल विकास परियोजना पदाधिकारी यशवंत नायक, प्रधान सहायक मुरारी मिश्रा, महिला पर्यवेक्षिका प्रतिमा कुमारी, मीना देवी और समाज कल्याण विभाग के प्रभात कुमार ने भी एफआरएस एंट्री और केंद्र संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
सेविकाओं ने एफआरएस के दौरान आने वाली परेशानियों को भी सामने रखा। इसमें मोबाइल नेटवर्क की समस्या, कई लाभुकों के आधार कार्ड में पंजीकृत मोबाइल नंबर बंद होने या ओटीपी न मिलने की दिक्कत, तथा कुछ लाभुकों के नंबर पति या पिता द्वारा दूसरे राज्यों में मजदूरी करने ले जाने जैसी स्थितियां प्रमुख रूप से शामिल थीं।
प्रशिक्षण में भाग लेने वालों में विभा रानी, अनामिका देवी, रेणु देवी, श्याम दुलारी देवी, सुषमा देवी, खुश्बू गुप्ता, शांति मेहता, आशा देवी, गीता देवी, नागवंती देवी, प्रमीला देवी, अंबा रानी, अंजु देवी, सरीता देवी, गंगोत्री देवी, संवारी देवी और जरीना खातून समेत काफी संख्या में सेविकाएं उपस्थित थीं।











