Location: Manjhiaon
मझिआंव: प्रतिनिधि। करीब एक दशक से बंद पड़े मेराल-भवनाथपुर रेल परिचालन को फिर से शुरू कराने तथा मेराल से भवनाथपुर, खरौंधी, कोन, सलईबनवा होते हुए चोपन तक यात्री रेल सेवा शुरू कराने की मांग अब आंदोलन का रूप लेने लगी है। सोमवार को मेराल-भवनाथपुर-चोपन रेल चलाओ संघर्ष समिति की बैठक बरडीहा में समिति अध्यक्ष रत्नेश गुप्ता के आवास पर हुई। बैठक में मझिआंव, बरडीहा, कांडी, भवनाथपुर और बिशुनपुरा प्रखंड से पहुंचे लोगों ने रेल सुविधा को क्षेत्र के विकास से जोड़ते हुए चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया।
बैठक की अध्यक्षता संघर्ष समिति के अध्यक्ष रत्नेश गुप्ता ने की, जबकि संचालन बरडीहा प्रखंड के उप प्रमुख सह समिति के सचिव सत्येंद्र पासवान ने किया। बरडीहा प्रखंड सांसद प्रतिनिधि सह संघर्ष समिति के संयोजक सतीश यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में रेल परिचालन बहाल कराने के साथ प्रस्तावित रेल संपर्क को लेकर जनजागरूकता अभियान और हस्ताक्षर अभियान चलाने पर सहमति बनी।
1966 से बना है रेल ट्रैक, खनिज संपदा के दोहन में कमी के बाद बंद हुआ परिचालन
संयोजक सतीश यादव ने कहा कि गढ़वा जिले के मेराल स्टेशन से भवनाथपुर माइंस तक करीब 35 किलोमीटर लंबा रेलवे ट्रैक वर्ष 1966 से बना हुआ है। भवनाथपुर क्षेत्र में खनिज संपदा के दोहन में कमी आने के बाद करीब 10 वर्ष पहले इस रेल मार्ग पर परिचालन बंद हो गया।
उन्होंने कहा कि मेराल से बरडीहा, भवनाथपुर, खरौंधी, कोन और सलईबनवा होते हुए चोपन तक रेल संपर्क स्थापित होने से झारखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों की करीब पांच लाख आबादी को लाभ मिलने की संभावना है। रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन के साथ व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सतीश यादव ने बताया कि मांग को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए समिति गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाएगी। इसके बाद हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से लोगों का समर्थन जुटाया जाएगा। अभियान पूरा होने के बाद सांसद विष्णु दयाल राम को ज्ञापन सौंपकर मांग को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में शिव प्रसाद गुप्ता, राजनाथ गुप्ता, बाल रूप यादव, कैलाश यादव, लखन पाल, ललन यादव, सुशील कुमार यादव, शशिकांत गुप्ता, राजमोहन यादव, दिनेश राम, पिंटू राम, भगवान दत्त तिवारी, राजेंद्र मेहता, उपेंद्र कुमार, चंदन कुमार पासवान, रवि विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।











