Location: Meral
मेराल प्रखंड की पूर्वी पंचायत में सोमवार को आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन अंचल अधिकारी यशवंत नायक, मुखिया रामसागर महतो, डॉ. अनिल शाह, डॉ. के.के. सिंह, डॉ. लालमोहन, रुपू महतो, शंभू शाह और अतहर अली अंसारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में सुबह 10 बजे से ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ने लगी। अंचल अधिकारी यशवंत नायक ने बताया कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ तुरंत उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक पंचायत में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल शाह और डॉ. के.के. सिंह ने लोगों को योजनाओं के उद्देश्य और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर में मईया सम्मान योजना, आवास योजना और पेंशन के लिए सर्वाधिक भीड़ देखी गई। दोपहर 12:30 बजे तक पोर्टल नहीं खुलने के कारण मईया सम्मान योजना का कार्य ऑनलाइन नहीं हो पाया, लेकिन प्रतिनिधियों द्वारा आवेदनों को ऑफलाइन स्वीकार कर लिया गया।
शिविर में शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, मनरेगा, पशुपालन तथा कृषि विभाग सहित सभी विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ प्रतिनियुक्ति प्रभारी द्वारा लोगों के आवेदन लिए गए।
प्रखंड नाजिर सुनील कुमार ने बताया कि शिविर में कुल 600 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 177 आवेदन मईया सम्मान योजना के लिए हैं। इन आवेदनों को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया जारी है।











