Location: Meral
मेराल। थाना परिसर में सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को भूमि से संबंधित विवादों के समाधान हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सतीश भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रखंड क्षेत्र में भूमि विवाद के कारण विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अक्सर छोटे-छोटे भूमि विवादों के समाधान के लिए प्रखंड, अंचल और थाना कार्यालयों के चक्कर काटते हैं। ऐसे मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए अब सप्ताह में दो दिन—मंगलवार और शुक्रवार को थाना परिसर में समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा।
इस बाबत सभी मुखिया, पंचायत सचिव और अंचल उप निरीक्षकों को सूचना दे दी गई है। बीडीओ ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।











