Location: Meral
मेराल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेराल के मुख्य गेट पर लगे हैंडवॉश नल के पास गंदगी का अंबार जमा है, जिससे मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। गंदगी के कारण हैंडवॉश स्थल भी दूषित हो चुका है, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों और परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्वच्छता की व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों को बाहर से पीने का पानी और हाथ धोने के लिए अलग से पानी लाना पड़ रहा है। अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर साफ-सफाई का अभाव स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां मरीजों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर इलाज मिलना चाहिए, वहीं यहां गंदगी और अव्यवस्था से जूझना पड़ रहा है। यह स्थिति स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और मनमानी को उजागर करती है।











