Location: Meral
मेराल (प्रतिनिधि): बाना पंचायत की मुखिया गौरी देवी के लगातार 8 माह से पंचायत भवन में अनुपस्थित रहने को लेकर उपमुखिया और 12 वार्ड सदस्यों ने सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सतीश भगत को ज्ञापन सौंपा। वार्ड सदस्यों ने कहा है कि मुखिया की अनुपस्थिति के कारण पंचायत में विकास कार्य ठप हो गए हैं और आम ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में वार्ड सदस्यों ने बताया कि मुखिया गौरी देवी लंबे समय से अस्वस्थ हैं और करीब आठ महीने से किसी भी पंचायत संबंधी बैठक या कार्य में शामिल नहीं हो रही हैं। उनकी अनुपस्थिति के चलते न तो कोई बैठक आयोजित हुई है और न ही पंचायत स्तरीय विभागों की समीक्षा की जा सकी है। इससे मनरेगा और 15वें वित्त आयोग जैसी योजनाएं बिना कार्यकारिणी की बैठक के संचालित हो रही हैं।
वार्ड सदस्यों ने बीडीओ से मामले की जांच कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि पंचायत का संचालन सामान्य हो सके और विकास योजनाओं में आ रही रुकावट दूर हो सके।
आवेदन देने वालों में उपमुखिया के साथ ये वार्ड सदस्य शामिल हैं:
कमला देवी, पूनम देवी, प्रतिमा देवी, मुन्नी देवी, भोला पासवान, नागेंद्र उरांव, रजकलिया, कुसमी देवी, तबैसुन बीबी, संगीता देवी, दिनेश चौधरी आदि।











