Location: Garhwa
गढ़वा (धुरकी प्रखंड) —
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत गढ़वा जिले के धुरकी प्रखंड में संचालित योजनाओं की जांच में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं। मनरेगा लोकपाल, गढ़वा द्वारा की गई जांच में ग्राम मिरचर्ईया में क्रियान्वित तीन योजनाओं में व्यापक गड़बड़ी पाई गई — जिनमें शामिल हैं:
- सलीम अंसारी के खेत में कूप निर्माण,
- शमशीर अंसारी के खेत में कूप निर्माण,
- तौफिक अंसारी के खेत में कूप निर्माण।
उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने बताया कि जांच में दो योजनाओं में प्रतिबंधित जेसीबी मशीन से कार्य कराया गया, जबकि एक योजना में प्राक्कलन से हटकर निर्माण कार्य हुआ। कार्यान्वयन स्तर पर भारी अनियमितता सामने आने के बाद संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्काल प्रभाव से कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए 11 कर्मियों/पदाधिकारियों को उत्तरदायी ठहराया है:
- सेवा से कार्यमुक्त:
- श्री अनिल कुमार यादव (ग्राम रोजगार सेवक)
- श्री उमेश कुमार (ग्राम रोजगार सेवक)
- श्री नितेश कुमार सिंह कुशवाहा (कनीय अभियंता)
- श्री राकेश रंजन रवि (कनीय अभियंता)
- श्री मुकेश दूबे (कनीय अभियंता)
- श्री बबलू प्रसाद (लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर, PMAY-G)
- निलंबित:
7. श्री रामाशंकर सिंह (पंचायत सचिव) - वित्तीय शक्तियां स्थगित:
8. श्री शगुनी राम (मुखिया, मिरचर्ईया) - स्थानांतरण:
9. श्री जहान अंसारी (सहायक अभियंता, मनरेगा)
10. श्री कमलेश राम (प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी) - प्राथमिकी प्रक्रिया प्रारंभ:
11. श्री छवि सिंह (तत्कालीन पंचायत सचिव)
जिला प्रशासन ने दोहराया कि जनकल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की अनियमितताओं पर भविष्य में भी कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक सही तरीके से पहुंचे।












