Location: सगमा
सगमा, गढ़वा।
सगमा प्रखंड के कलमा गांव में मनरेगा योजना के तहत मजदूरों के स्थान पर जेसीबी मशीन से निर्माण कार्य कराए जाने का मामला सामने आया है। मामले की पुष्टि होने के बाद मनरेगा बीपीओ कुमार अभय द्वारा धुरकी थाना में अज्ञात जेसीबी मशीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही संबंधित योजना पर रोक लगा दी गई है।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद धुरकी थाना के एएसआई सुभाष कुमार अकेला ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पंचायत कर्मियों एवं मेठ से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए।
इस संबंध में एएसआई सुभाष कुमार अकेला ने बताया कि संबंधित लोगों का बयान दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यह प्रारंभिक जांच है और आगे की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।