Location: Manjhiaon
सगमा, गढ़वा।
सगमा प्रखंड के सोनडीहा पंचायत अंतर्गत कलमा गांव में मनरेगा योजना के तहत डोभा निर्माण कार्य में जेसीबी मशीन से खुदाई किए जाने का मामला सामने आया है। रात्रि के समय जेसीबी मशीन चलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन द्वारा जांच कराई गई।
वायरल वीडियो की जांच लोकपाल सुशील कुमार तिवारी द्वारा की गई। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि डोभा निर्माण कार्य में मजदूरों के स्थान पर जेसीबी मशीन से खुदाई की गई है, जो मनरेगा नियमों का उल्लंघन है।
जांच के बाद बीपीओ कुमार अभय द्वारा धुरकी थाना में अज्ञात जेसीबी मशीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीडियो की पुष्टि हेतु स्थल निरीक्षण किया गया, जिसमें मशीन से खुदाई किए जाने का स्पष्ट प्रमाण मिला है। इस संबंध में कनीय अभियंता अविनाश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने से पूर्व संबंधित योजना का भुगतान किया जा चुका था, लेकिन जेसीबी मशीन के उपयोग के स्पष्ट प्रमाण मिलने के बाद योजना के शेष भुगतान पर रोक लगा दी गई है।
साथ ही इस मामले में मेठ उमेश यादव को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में योजना को बंद कर दिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मनरेगा कार्यों में मशीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











