
Location: Manjhiaon
मझिआंव/बरडीहा (प्रतिनिधि): संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए मझिआंव व बरडीहा प्रखंड क्षेत्र की माताओं ने गहरी आस्था और श्रद्धा के साथ जितिया पर्व मनाना शुरू किया है। यह तीन दिवसीय पर्व शनिवार को नहाए-खाए के साथ आरंभ हुआ, जो सोमवार को पारण के साथ संपन्न होगा।
पर्व के मुख्य दिन रविवार को सभी माताएं 24 घंटे निर्जला व्रत रखकर अन्न-जल का त्याग करते हुए व्रत का पालन कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने अपने पुत्र-पुत्रियों की दीर्घायु, स्वास्थ्य और सुख-शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
संध्या के समय महिलाओं ने विभिन्न मंदिरों, घरों और सार्वजनिक स्थलों पर जीवितवाहन महाराज की पूजा-अर्चना की और कथा श्रवण के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया।
हिंदू धर्म में जितिया व्रत को विशेष महत्व प्राप्त है, जिसे माताएं अपने बच्चों की कुशलता और लंबी उम्र के लिए पूरी निष्ठा के साथ करती हैं। इस अवसर पर वातावरण भक्तिमय बना रहा और क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।