Location: Manjhiaon
मझिआंव। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मझिआंव एवं बरडीहा पुलिस द्वारा बुधवार को छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मझिआंव बालिका उच्च विद्यालय तथा बरडीहा प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को विभिन्न सामाजिक और कानूनी विषयों की जानकारी दी गई।
मझिआंव में थाना प्रभारी अमित कुमार एवं एसआई संजय मुंडा तथा बरडीहा में थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा, डायन-भूत जैसी अंधविश्वासी प्रथाओं, दहेज प्रथा तथा डायल 112 के माध्यम से आपात स्थिति में पुलिस को सूचना देने के संबंध में जागरूक किया। साथ ही सामाजिक कुरीतियों से बचने और कानून के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।
थाना प्रभारियों ने कहा कि अंधविश्वास में पड़कर कभी भी ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जो सामाजिक रूप से गलत हो या कानून की नजर में अपराध हो। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में डायन-भूत जैसे अंधविश्वासों के कारण कई बार आपसी विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आती हैं, जो बाद में न्यायालय तक पहुंच जाती हैं। इससे लोगों को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसलिए सभी को ऐसे अंधविश्वासों से दूर रहकर वैज्ञानिक सोच अपनानी चाहिए।
कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य राजू कुमार सिंह, शिक्षक विजय कुमार सिंह, आशुतोष शर्मा, धर्मवीर कुमार, पूजा कुमारी, दयाशंकर शर्मा, मनोज कुमार, उमेश सिंह, राकेश कुमार पांडेय, रोहित सिंह, मो. बरकतुल्ला सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।










