Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा)। थाना क्षेत्र के सोनपुरवा गांव में पुलिस दल से उलझने, धमकी देने और हाथापाई करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार युवक की पहचान सोनपुरवा निवासी स्वर्गीय कमरुद्दीन खान के पुत्र इरफान खान के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ शरारती तत्व पटाखा फोड़कर लोगों को परेशान कर रहे हैं। मामले की जांच के लिए गश्ती दल के साथ एसआई चंदन प्रधान भी दल-बल के साथ सोनपुरवा पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस पहले से दर्ज मामले में सोनपुरवा पंचायत की मुखिया अख्तर खान की गिरफ्तारी के लिए भी आगे बढ़ रही थी।
इसी बीच, मध्य रात्रि में पुलिस को सुनसान स्थान पर इरफान खान मिला। पूछताछ करने पर वह पुलिस से उलझने लगा और पुलिस गाड़ी के आगे खड़ा होकर उसे रोकने लगा। काफी समझाने के बावजूद उसने बात नहीं मानी और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने लगा।
पुलिस ने इरफान खान को मौके से गिरफ्तार कर थाने लाया और थाना कांड संख्या 107/25 के तहत सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार और हाथापाई करने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर रविवार को गढ़वा जेल भेज दिया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस के साथ की गई बदतमीजी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।











