Location: Manjhiaon
मझिआंव
मझिआंव थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर–3 अंतर्गत गहीडी गांव स्थित कोयल नदी के पहुंच पथ पर तीन मुहान के पास रविवार को एक पिकअप वैन ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल मझिआंव लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक कुलदेव चौधरी ने स्थिति गंभीर देखते हुए दोनों को सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान पलामू जिला के पांडू थाना क्षेत्र के तीसीबार गांव निवासी शैलेश शर्मा के 30 वर्षीय पुत्र दीपक शर्मा तथा 25 वर्षीय सोनू शर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक अपाची मोटरसाइकिल से मझिआंव स्थित जेपी यादव स्कूल में फर्नीचर का काम करने आ रहे थे।
घटना के संबंध में घायल सोनू शर्मा ने बताया कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वैन ने उनकी मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उनके भाई दीपक शर्मा का दाहिना पैर और हाथ टूट गया, जबकि उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं। दीपक शर्मा की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय युवा समाजसेवी दीपक चंद्रवंशी (निवासी कादल गांव, मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र) ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायल के अनुसार पिकअप वैन पर “पंकज डीजे” लिखा हुआ था और वाहन का नंबर JH03W-4724 बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ओम प्रकाश टोप्पो के निर्देश पर पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और पिकअप वैन को जब्त कर थाना लाया। पुलिस द्वारा मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।











