Location: Manjhiaon
मझिआंव, प्रतिनिधि।
मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। सभी नौ प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को अध्यक्ष पद की प्रत्याशी शोभा जायसवाल (चुनाव चिन्ह – बेंच छाप) के दो चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन किया गया।
पहला कार्यालय मेन बाजार स्थित उनके आवास पर खोला गया, जिसका उद्घाटन राधा कृष्ण मंदिर के महंत केशव नारायण दास द्वारा फीता काटकर किया गया। वहीं दूसरा कार्यालय बस स्टैंड के आगे मेन रोड स्थित सोनू जायसवाल के घर में खोला गया, जिसका उद्घाटन मस्जिद के मौलाना सिद्दीक रजा ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर प्रत्याशी शोभा जायसवाल ने उपस्थित लोगों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यदि नगर पंचायत वासी उन्हें सेवा का एक अवसर देते हैं तो वे नगर पंचायत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करेंगी। उन्होंने अपने चुनाव चिन्ह “बेंच छाप” पर अपार मतों से विजयी बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में विजय जायसवाल, सूरज जायसवाल, मंसूर खान, अनवर खान, चुन्नू साव, टुभुक साव, आर्यन जायसवाल, शुभम जायसवाल, अजित खलिफा, सोनू जायसवाल, जैनु खान सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।











