मझिआंव (प्रतिनिधि): मझिआंव प्रखंड क्षेत्र के चंद्री स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित “श्री रूद्र महा यज्ञ सह शिव प्राण प्रतिष्ठा” को लेकर शनिवार को भव्य जलयात्रा निकाली गई। यज्ञाचार्य श्री श्री 1008 श्री बाबा केशव नारायण दास जी महाराज के नेतृत्व में आयोजित इस जलयात्रा में 5 हजार 51 कलश के साथ महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की ऐतिहासिक भीड़ उमड़ पड़ी।
सजे-धजे रथ पर सवार होकर बाबा केशव नारायण दास ने कलश यात्रा का नेतृत्व किया। श्रद्धालु महावीरी झंडा के साथ पूरे गाजे-बाजे और भक्ति नारों के बीच शामिल हुए। “हर-हर महादेव” और “जय श्री राम” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
जलयात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर ब्लॉक रोड, रैसुआ लोहार पूर्वा, पुरानी अस्पताल, मेन रोड और बस स्टैंड होते हुए कोयल नदी के बैलगाड़ी घाट पहुंची। वहां आचार्य विजयकांत दुबे द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी कलशों में जल भरवाया गया। इसके बाद श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां ऐतिहासिक भीड़ के बीच कलश स्थापना की गई।
कार्यक्रम के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। यज्ञ कमेटी के मथुरा प्रसाद ने जानकारी दी कि 21 फरवरी से प्रारंभ यह महायज्ञ 28 फरवरी को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। 28 फरवरी, शनिवार को वृष लग्न में प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति, भंडारा एवं संत-महात्माओं की विदाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जलयात्रा में आचार्य विजयकांत दुबे के सहयोगी सुधीर शास्त्री, कुंदन शास्त्री, हीरा शास्त्री, संजय शास्त्री, विनय पाठक सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल रहे। पूरे क्षेत्र में आयोजन को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखा गया।











