Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि) : मझिआंव और बरडीहा प्रखंड क्षेत्र में भाई-बहन का पवित्र पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार और शनिवार को उत्साहपूर्वक मनाया गया। बाजारों में मिठाई और राखी की दुकानों पर दोनों दिन भीड़ उमड़ती रही।
शनिवार को बहनों ने अपने-अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी आयु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान मझिआंव और बरडीहा बाजार में खासी रौनक देखी गई।
खासकर मझिआंव बाजार में शनिवार को इतनी भीड़ हो गई कि लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। सड़क पर अतिक्रमण के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही और लोग घंटों फंसे रहे।











