Location: Manjhiaon
मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में कड़ाके की ठंड को देखते हुए कंबल वितरण और अलाव की व्यवस्था कराने की मांग उठी है। नगर पंचायत क्षेत्र के युवा समाजसेवी मारुति नंदन सोनी ने बुधवार को उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर इस संबंध में मांग की।
दिए गए आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में वृद्ध, असहाय और गरीब तबके के लोगों को अब तक कंबल का वितरण नहीं किया गया है, जबकि दिसंबर माह समाप्त होने को है। कंबल वितरण नहीं होने के कारण जरूरतमंद लोगों को भीषण ठंड में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही आवेदन में यह भी कहा गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र के चौक-चौराहों पर अब तक अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे आम लोगों, राहगीरों और जरूरतमंदों को ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है।
मारुति नंदन सोनी ने उपायुक्त से जल्द से जल्द नगर पंचायत क्षेत्र में कंबल वितरण कराने और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि ठंड से प्रभावित गरीब और असहाय लोगों को राहत मिल सके।











