Location: Manjhiaon
मझिआंव: मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में मेले का आयोजन किया गया है। मझिआंव प्रखंड स्थित बुढ़ी खाड़ मंदिर परिसर में आयोजित यह मेला कुल पाँच दिनों तक चलेगा। गुरुवार को मेले के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं।
ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर मेले का आनंद लिया। बुढ़ी खाड़ हनुमान मंदिर के समीप बच्चों के मनोरंजन के लिए चरखी, ट्रेन नाव, झूला सहित कई खेल-साधन लगाए गए हैं, जो मेले का मुख्य आकर्षण बने हुए हैं।
यह मेला मझिआंव राधा-कृष्ण मंदिर के महंत केशव नारायण दास के नेतृत्व में आयोजित किया जाता है। मान्यता है कि बुढ़ी खाड़ मंदिर में श्रद्धालुओं की मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं। वहीं पहाड़ पर भोले शंकर की मूर्ति स्थापित की गई है। मनोकामना पूर्ण होने के पश्चात श्रद्धालु श्री सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण करते हैं तथा बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराते हैं।
मेला कमेटी के अनुसार यह मेला पाँच दिनों तक चलेगा। गुरुवार को यह मेला दूसरे दिन में प्रवेश कर चुका है और 18 जनवरी, रविवार को इसका समापन होगा। हालांकि मेले में प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था कुछ ढीली नजर आई, जिससे लोगों में चिंता भी देखी गई।











