Location: Garhwa
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनसंघ के संस्थापक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में भाजपा जिला कार्यालय पिंडरा, गढ़वा में मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा ने की।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राष्ट्र के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन देश को समर्पित कर दिया। उन्होंने देश में एकात्मता का भाव जागृत करने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने भारतीय जनसंघ जैसे राजनीतिक संगठन की स्थापना की, जो आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में एक विशाल वटवृक्ष बनकर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारत के राजनीतिक परिदृश्य में अमिट छाप छोड़ी है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवनशैली और उनके विचारों से प्रेरित होकर अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ देश के आम नागरिकों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास ही वास्तविक अर्थों में भारत का विकास है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता विनय चौबे, जिला महामंत्री संतोष दुबे, एससी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद तुफानी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रामशीष तिवारी, मेराल विधायक प्रतिनिधि डॉ. लाल मोहन, मेराल उत्तरी मंडल अध्यक्ष अशोक केशरी, रोहित, इंद्रेश पांडेय, रोहित कुमार सहित अन्य कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।











