Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा),
मझिआंव थाना क्षेत्र के मोरबे पंचायत अंतर्गत भलूहीं गांव में विवादित जमीन पर घर निर्माण को लेकर बुधवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने धारदार हथियारों का प्रयोग किया, जिसमें दोनों पक्षों से तीन-तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को रेफरल अस्पताल मझिआंव लाया गया, जहां डॉ. विशाल कुमार मिश्रा द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने पांच लोगों को सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पक्ष से शंभू चौधरी (60 वर्ष) का बायां हाथ टूट गया है। उनके पुत्र अनिल चौधरी (30 वर्ष) के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि ओमप्रकाश चौधरी (32 वर्ष) भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।
वहीं दूसरे पक्ष से उदय चौधरी (50 वर्ष) एवं अशोक चौधरी (40 वर्ष) के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि मनोज चौधरी (32 वर्ष) का बायां हाथ टूट गया है।
प्राथमिक उपचार के बाद अनिल चौधरी, शंभू चौधरी, अशोक चौधरी, मनोज चौधरी एवं उदय चौधरी को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया। सभी घायलों की सूची पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।
पुलिस ने रेफरल अस्पताल पहुंचकर घायलों का बयान लेना शुरू कर दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी थी।











