Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): झारखंड सरकार ने बीरबल गांव स्थित सूर्य मंदिर समिति को आधिकारिक रूप से ट्रस्ट के रूप में मान्यता प्रदान की है। इस निर्णय से ग्रामीणों में उत्साह है और उन्होंने सरकार के प्रति आभार जताया है।
मालिया नदी के तट पर स्थित इस भव्य सूर्य मंदिर का निर्माण ग्रामीणों और समाजसेवियों के अथक प्रयास से संभव हुआ। श्री राम सेवा समिति, पूर्व जिप सदस्य नांदगोपाल यादव, समाजसेवी रामोद प्रसाद, मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा और प्रमुख अजय शाह सहित बीरबल के ग्रामीणों ने मिलकर चंदा इकट्ठा कर मंदिर को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
मंदिर परिसर में नर्वदेश्वर महादेव का शिवलिंग भी स्थापित किया गया है। यह स्थान वर्षों से धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है, जहां साल में दो बार छठ पर्व, महाशिवरात्रि और मकर संक्रांति के अवसर पर मेले का आयोजन होता है।
सरकार ने 15 जुलाई 2025 को “आदित्य सूर्य मंदिर बीरबल” के नाम से इस समिति को ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत किया है। ट्रस्ट में 21 सदस्यों को नामित किया गया है, जिसमें अध्यक्ष सीताराम रवानी, उपाध्यक्ष भोला शाह, सचिव श्रीकांत कुमार, उप सचिव बाबूलाल कुमार और कोषाध्यक्ष गोपाल विश्वकर्मा शामिल हैं।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि मान्यता मिलने के बाद मंदिर को ऐतिहासिक स्वरूप देने की दिशा में कार्य किया जाएगा और आगे की योजना सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के तहत बनाई जाएगी।











