Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि): प्रखंड के मोरबे गांव निवासी सीता साह के पुत्र इंग्लेश प्रसाद (35 वर्ष) की गुरुवार देर शाम रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वे पिछले पांच माह से लीवर की बीमारी से पीड़ित थे। चार माह पूर्व से दिल्ली समेत अन्य निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची ले जाया गया, जहां इलाज के क्रम में उनकी मृत्यु हो गई।
शुक्रवार सुबह शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए जुटे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इंग्लेश प्रसाद मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे। इस दुख की घड़ी में परिवार को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार में मुखिया प्रतिनिधि ललन प्रसाद सिंह, उप मुखिया सीताराम, अनिल ठाकुर, जितेंद्र कुमार, प्रकाश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।











