Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि। संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ जी की जयंती के उपलक्ष्य में मध्यदेशीय हलवाई समाज, कांडी एवं डॉ. अनिल साह (संगबरिया वाले) के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को एक विशाल नि:शुल्क मोतियाबिंद जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को समय पर नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना था।
नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन कांडी मेन बाजार स्थित महावीर मंदिर के समीप किया गया। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। मरीजों से आधार कार्ड साथ लाने का अनुरोध किया गया था।
जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए मरीजों के ऑपरेशन की व्यवस्था गढ़वा के चिरौंजिया मोड़ स्थित राधिका नेत्रालय में की गई है। राधिका नेत्रालय द्वारा पूर्व में भी कई नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जहां मरीजों को मुफ्त ऑपरेशन, भोजन एवं चश्मा उपलब्ध कराया जाता है।
शिविर में कुल लगभग 150 मरीजों की नि:शुल्क नेत्र जांच की गई, जिनमें 30 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। वहीं 70 मरीजों के बीच नि:शुल्क लेंसयुक्त चश्मे का वितरण किया गया।
शिविर को सफल बनाने में रामनाथ प्रसाद, सुनील प्रसाद (महामंत्री), विजय कुमार, रामलखन प्रसाद, संजय प्रसाद, संरक्षक खेहर प्रसाद, रामकिशोर प्रसाद, रालि प्रसाद सहित कई गणमान्य लोगों का सक्रिय सहयोग रहा।
इस अवसर पर मद्धेशिया हलवाई समाज के मुख्य अतिथि राजेश कुमार ने बताया कि डॉ. अनिल साह गढ़वा के जाने-माने चिकित्सक हैं और सामाजिक सेवा के कार्यों में हमेशा अग्रणी रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर जिले के गरीब और जरूरतमंद लोगों को नेत्र रोगों से राहत दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रह जाए।











